Eknath Shinde News: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार (10 जून) को एनडीए और शिवसेना के गठबंधन को लेकर चुप्पी तोड़ी है. साथ ही पीएम मोदी के साथ अपने रिश्तों का भी खुलासा किया है.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार (10 जून) को एनडीए और शिवसेना के गठबंधन को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा, “उनकी पार्टी शिवसेना कभी ऐसी स्थिति में नहीं रही है जहां उसे बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में नीचा दिखाया गया हो. उन्होंने नई दिल्ली में मीडिया से कहा, “राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में घटक शिवसेना को हमेशा सम्मान मिलता है.”
वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या छोटी क्षेत्रीय पार्टियों के साथ कमतर की तरह व्यवहार किया जाता है? तब उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया है. आज, जब भी एनडीए की बैठक होती है, तो शिवसेना को सम्मान मिलता है.” शिंदे ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसी भी पार्टी को सिर्फ इसलिए नीचा नहीं दिखाते कि उसकी मौजूदगी कम है, बल्कि वह तो गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम करते हैं.”
एनडीए की बैठक से पहले क्या बोले शिंदे?
बुधवार को एनडीए की बैठक से पहले शिंदे ने कहा, “उन्हें भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के लिए मोदी को बधाई देने वाला प्रस्ताव पेश करने का मौका भी मिला. उन्होंने कहा, “शिवसेना केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की एक अहम सहयोगी पार्टी है. शिंदे ने कहा, “पीएम मोदी ने पिछले 12 सालों में एक भी छुट्टी नहीं ली है और आने वाले सालों में भी वह देश का नेतृत्व करते रहेंगे.”
उन्होंने कहा, “2014 से मोदी ने देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, उन्होंने अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया है और इसे दुनिया में तीसरे स्थान पर ले जाने का संकल्प लिया है.” शिंदे ने कहा, “राज्य स्तर पर, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जब भी जरूरत पड़ी, महाराष्ट्र को हर संभव मदद दी है.”
कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके की चेतावनी, ‘शिक्षा मंत्री ने 13 जून तक इस्तीफा नहीं दिया तो…’
पीएम मोदी के साथ निजी संबंधों का किया जिक्र
उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपने निजी संबंधों का भी जिक्र किया. शिंदे ने बताया कि हाल में ठाणे के मुरबाड जाने के क्रम में जब उनके हेलिकॉप्टर को खराब मौसम के कारण मुंबई वापस लौटना पड़ा, तो पीएम मोदी ने उनका हाल-चाल जानने के लिए फोन किया था. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के उनके सांसद बेटे श्रीकांत और पोते रुद्रांश के साथ भी अच्छे संबंध हैं.”
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को शिवसेना के मंत्रियों ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के हालिया उद्घाटन समारोह में शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को आमंत्रित न किए जाने पर नाराजगी जताई थी. सूत्रों का दावा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रिमंडल की बैठक में उन्हें बताया कि उन्होंने इस चूक की जांच के आदेश दिए हैं. फडणवीस ने छह जून को इस मूर्ति का अनावरण किया था.
TMC के विलय की अटकलों पर संजय राउत की ममता बनर्जी को नसीहत, ‘कांग्रेस में आकर…’
